यक्ष ऐप से जांच में खुला राज, अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
मुगलसराय (चंदौली)। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस ने यक्ष ऐप की मदद से एक युवक को अवैध असलहे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में रविवार रात पड़ाव चौराहा क्षेत्र में यक्ष ऐप के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस टीम को देखकर घबराया और वहां से हटने का प्रयास करने लगा।

संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की और यक्ष ऐप के जरिए उसकी पहचान सत्यापित की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अनुज सिंह निवासी सुरहन, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ बताया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी को रात करीब 10:27 बजे गिरफ्तार कर थाना मुगलसराय में मुकदमा संख्या 263/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह असलहा और कारतूस आजमगढ़ से खरीदकर बिहार के सिवान ले जा रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए अवैध हथियार साथ रखता था।




