हादसे पर बड़ी कार्रवाई: MCD के जेई और एई निलंबित, पांच की मौत से मचा हड़कंप.…….. मौके पर पहुंची CM.…..मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, सीएम ने कहा- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
नई दिल्ली/पूर्वांचल पोस्ट न्यूज। राजधानी दिल्ली के सैदुलअजाइब क्षेत्र में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास हुए दर्दनाक भवन हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। पांच मंजिला इमारत गिरने की घटना में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल एम्स अस्पताल में उपचाराधीन हैं। हादसे को लेकर नगर निगम के दो अधिकारियों पर गाज गिरी है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि इस दुर्घटना के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एमसीडी के जूनियर इंजीनियर (जेई) अमन जैन तथा असिस्टेंट इंजीनियर (एई) सुदेश सिंह चौहान को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद यह कार्रवाई की गई।

मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) की अगुवाई में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए हैं। साथ ही आसपास मौजूद जर्जर और खतरनाक इमारतों की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।




