पहले प्रेमिका के पति से की दोस्ती, फिर शराब पिलाई और गला घोंटकर मार डाला
सहारनपुर। प्रेमी के संग मिलकर पति की हत्यारोपित पत्नी व उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त किया गमछा व मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। आरोपितों को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने सोमवार को बताया कि गांव इब्राहिमपुरा निवासी फरमान ने सदर बाजार थाने में अपने बहनोई मुनसाद निवासी ताहरपुर की हत्या का मुकदमा 24 मई को दर्ज कराया था। 23 मई को उसका शव गांव के बाहर खाली प्लाट में मिला था।
बताया कि घटना के राजफाश में सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक चंद्रसेन सैनी टीम के साथ जुटे थे। जांच के दौरान कई अहम साक्ष्य पुलिस को मिले। जिसके बाद घटना का राजफाश हुआ। पुलिस ने मुनसाद की पत्नी अफसाना व आरोपित समरयाब उर्फ समरा निवासी गांव ताहरपुर थाना कोतवाली देहात को इस प्रकरण में गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित समरयाब ने बताया कि उसका व अफसाना का काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

इसके चलते उसने मुनसाद से मित्रता की और उसके घर आने-जाने लगा। बताया कि इस बीच मुनसाद को दोनों पर शक होने लगा। इसके चलते वह आए दिन पत्नी अफसाना के साथ मारपीट करने लगा। मुनसाद नशे का भी आदी था और घर का सामान भी बेच देता था।
एक सप्ताह पहले अफसाना ने समरयाब को कहा था कि वह मुनसाद को रास्ते से हटा दे। इस पर समरयाब ने मुनसाद को गांव के बाहर शराब पीने के बहाने एक खाली प्लाट में बुलाया और उसे ज्यादा शराब पिला दी। इसके बाद गमछे से मुनसाद का गला घोटकर उसकी हत्या कर दी।





