Saturday, September 12, 2026
Uncategorized

सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से दम घुटने के कारण 6 लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर

नई दिल्ली। उड़ीसा।

ओडिशा के कालाहांडी जिले के एम. रामपुर क्षेत्र में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गौड़ कार्लाखुंटा गांव में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के भीतर सेंटरिंग हटाने के दौरान दम घुटने से छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

जानकारी के अनुसार, मृतकों में गौड़ कार्लाखुंटा गांव के सेप्टिक टैंक ठेकेदार निमाई पाल (48), उनका पुत्र आकाश पाल (28), मजदूर आदल माझी (55), मातोगांडा गांव के मनोरंजन हाती (27), तथा दुतागांव के छंदा जाला और बिपुल जाला शामिल हैं। हादसे में हातीखोला गांव के पंकज जानी (32) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है।

ऑक्सीजन की कमी के कारण हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माणाधीन शौचालय के सेप्टिक टैंक के भीतर मजदूर सेंटरिंग सामग्री निकालने के लिए उतरे थे। आशंका जताई जा रही है कि टैंक के भीतर जहरीली गैस भर जाने और ऑक्सीजन की कमी के कारण वे बेहोश हो गए। अंदर गए मजदूरों को बचाने के प्रयास में एक-एक कर अन्य लोग भी टैंक में उतरते चले गए, लेकिन वे भी दम घुटने से अचेत हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी को टैंक से बाहर निकाला और मदनपुर रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। एक ही गांव के कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

मदनपुर रामपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे सेप्टिक टैंक के भीतर जहरीली गैस और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Related posts:

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *