चकिया को मिला विकास का मेगा डोज, रक्षा मंत्री की पहल से चकिया को मिलेगी विकास की नई रफ्तार…..विधायक के प्रस्ताव पर विभाग ने चौड़ीकरण का कार्ययोजना बनाकर भेजा था शासन में, आया विभाग को पत्र
चंदौली। चकिया क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित फोरलेन परियोजना अब केवल सड़क चौड़ीकरण तक सीमित नहीं रह गई है । बल्कि यह पूरे इलाके के विकास की नई धुरी बनने जा रही है। करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित फोरलेन निर्माण को लेकर जहां स्थानीय जनता में उत्साह है, वहीं अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पहल और सक्रियता से मुरारपुर तक स्टेट हाईवे विस्तार की उम्मीद भी प्रबल हो गई है। रक्षा मंत्री की इस मामले में रुचि लेने से परियोजना को मेगा डोज मिलने का मार्ग प्रशस्त होता नजर आ रहा है ।
चकिया के भभौरा गांव निवासी देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का इस इलाके से विशेष भावनात्मक लगाव रहा है। यही कारण है कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई मांग को उन्होंने गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्तर पर पहल कराई।
जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मार्च में मिल कर चितौड़ी तिराहा से आगे लगभग 17 किलोमीटर प्रस्तावित स्टेट हाईवे को मुरारपुर तक जोड़ने की मांग संबंधी पत्रक सौंपा था। इस पर रक्षा मंत्री के ओएसडी केपी सिंह तथा प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र भेजकर हाईवे निर्माण और विस्तार की आवश्यकता से अवगत कराया। इसके बाद शासन स्तर पर इस परियोजना को लेकर हलचल तेज हो गई है।
इससे पहले विधायक कैलाश आचार्य की पहल पर पहले ही चितौड़ी तिराहा से सिकंदरपुर तथा सिकंदरपुर से मुरारपुर मोड़ तक फोरलेन निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सक्रिय रुचि से इस परियोजना को और मजबूती मिलने लगी है। क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि यदि यह मार्ग मुरारपुर तक विकसित हो जाता है तो चकिया क्षेत्र सीधे विकास एक्सप्रेस पर दौड़ पड़ेगा।
स्टेट हाईवे बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। वर्षों से जाम, धूल और दुर्घटनाओं की समस्या झेल रहे लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही चकिया से वाराणसी, मुगलसराय और अन्य बड़े शहरों तक आवागमन अधिक सुरक्षित और तेज हो जाएगा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विधायक कैलाश आचार्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा की संयुक्त पहल पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सक्रियता से चकिया क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद अब पहले से कहीं अधिक मजबूत हो गई है।