Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

गर्मी में बिजली का डबल झटका, ट्रांसफार्मर जला तो मोबाइल ट्रांसफार्मर बना सहारा

चकिया। भीषण गर्मी और लगातार हो रही अंधाधुंध विद्युत कटौती के बीच नगर के शमशेर ब्रिज पर लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही और लोग गर्मी से बेहाल होकर रात जागकर बिताने को मजबूर रहे।

बताया गया कि शमशेर ब्रिज पर स्थापित 400 केवीए ट्रांसफार्मर शुक्रवार शाम अचानक तेज आवाज के साथ खराब हो गया। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी देर रात तक उसे दुरुस्त करने में जुटे रहे, लेकिन रात 12 बजे तक भी सफलता नहीं मिल सकी। बिजली गुल रहने से नगर के कई इलाकों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इस संकट की घड़ी में नगर पंचायत के लिए उपलब्ध कराया गया मोबाइल ट्रांसफार्मर लोगों के लिए राहत का माध्यम बन गया। बताया गया कि विधान परिषद सदस्य अन्नपूर्णा सिंह ने चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव और नगर पंचायत के सभासदों की मांग पर अपने निधि से मोबाइल ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया था। शनिवार को उसी मोबाइल ट्रांसफार्मर के जरिए विद्युत आपूर्ति बहाल करने की कवायद शुरू की गई।

समाजसेवी एवं पूर्व सभासद विजय विश्वकर्मा बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचकर मोबाइल ट्रांसफार्मर को जोड़ने के कार्य में सहयोग करते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों ने उनके प्रयासों की सराहना की और जल्द बिजली बहाली की उम्मीद जताई।

भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता उर्फ आशु ने कहा कि पूर्व में मोबाइल ट्रांसफार्मर की सुविधा न होने से ट्रांसफार्मर जलने पर लोगों को दो से तीन दिन तक इंतजार करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव और सभी सभासदों ने मिलकर विधान परिषद सदस्य से मांग की थी, जिस पर निधि से धनराशि स्वीकृत कर नगर पंचायत को मोबाइल ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि आज यही व्यवस्था नगरवासियों के लिए राहत का बड़ा सहारा साबित हो रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *