Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया – अंतर्राष्ट्रीय मंच पर चमका चंदौली का नाम चकिया की रीता व पूनम को मिला सम्मान शील्ड व प्रमाण पत्र…….. बधाईयों लगा तांता

चकिया, चंदौली। शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहीं चंदौली की दो शिक्षिकाओं ने एक बार फिर जनपद का मान बढ़ाया है। सोमवार को लखनऊ में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय शैक्षिक समागम में चकिया क्षेत्र की शिक्षिकाओं रीता पाण्डेय एवं पूनम कुमारी को उनके शैक्षिक नवाचारों और हिंदी काव्य लेखन के लिए शील्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और दोनों शिक्षिकाओं को बधाइयां देने वालों का तांता लग गया।

 

सृजन, अंतर्राष्ट्रीय कला साहित्य संस्कृति, अयोध्या के तत्वावधान में 11 मई 2026 को लखनऊ में अंतर्राष्ट्रीय शैक्षिक समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में “हिन्दी हमारी पहचान” एवं “एआई तकनीक का प्रयोग और महत्व” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान “हिन्दी हमारी पहचान”, “स्वावलंबन”, “सतत संरक्षण”, “हमारा प्रयास” एवं “काव्य किरण” सहित पांच पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम में कंपोजिट विद्यालय बियासड़ की सहायक अध्यापिका रीता पाण्डेय तथा प्राथमिक विद्यालय तिलौरी की इंचार्ज प्रधानाध्यापक पूनम कुमारी को शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और हिंदी साहित्य सृजन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दोनों शिक्षिकाओं की उपलब्धि से चकिया समेत पूरे चंदौली जनपद का गौरव बढ़ा है।

समारोह का उद्घाटन राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्त, सेवानिवृत्त मंडलायुक्त आईएएस दिनेश कुमार सिंह, लाइफ सिग्नीफाई के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त आईएएस रविशंकर, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के सदस्य डॉ. कृष्ण चंद्र शर्मा तथा लखनऊ विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. खुशबू वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

संगोष्ठी के उपरांत विभिन्न जिलों से आए लेखकों, कवियों, शिक्षकों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। जिन प्रतिभागियों की पुस्तकें प्रकाशित हुई थीं, उन्हें मंच से पुस्तकें भी भेंट की गईं। कार्यक्रम का संचालन पंकज कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन आयोजक मनीष देव गुप्ता ने किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *