तेज रफ्तार डंपर का कहर: मां काली मंदिर के पुजारी की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चकिया-मुगलसराय मार्ग जाम
चकिया/चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के बिठवल गांव में सोमवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने एक और परिवार को उजाड़ दिया। सड़क हादसे में 70 वर्षीय नरेंद्र कुमार झा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक चकिया नगर स्थित मां काली के ऐतिहासिक मंदिर के पुजारी थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश भी फैल गया।
बताया जाता है कि नरेंद्र कुमार झा सुबह सड़क किनारे जा रहे थे, तभी चकिया के सोनौल क्षेत्र से मिट्टी लादकर मुगलसराय की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।






