Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

आज चकिया को मिलेगा 2 करोड़ 62 लाख रुपये की बड़ी सौगात,, रंग लाया विधायक का प्रयास……… विधायक रखेंगे ईंट, होगा शिलान्यास

पुनर्निर्माण के लिए स्वीकृत धन, विधायक के प्रयास लाए रंग

चकिया। नगर के बहुप्रतीक्षित रोडवेज स्टेशन के पुनर्निर्माण का सपना अब साकार होने जा रहा है। परिवहन विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से 262.50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत होने के बाद कल नगर स्थित रोडवेज परिसर में विधिवत शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य शिलान्यास करेंगे।

इस परियोजना का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था सी एंड डी एस यूनिट तथा जल निगम वाराणसी द्वारा कराया जाएगा। लंबे समय से जर्जर पड़े रोडवेज स्टेशन के कारण व्यापारियों, छात्रों, मरीजों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

बताया जाता है कि रोडवेज स्टेशन के पुनर्विकास को लेकर विधायक लगातार प्रदेश सरकार से प्रयासरत थे। उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर पत्र सौंपा था, जिसके परिणामस्वरूप यह धनराशि स्वीकृत हुई।

गौरतलब है कि विधायक के प्रयास से पहले चकिया से वाया रामनगर होते हुए काशी हिंदू विश्वविद्यालय तक चार रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराया गया था, लेकिन पिछले कई महीनों से बस सेवा बंद है और वर्तमान में स्टेशन से एक भी बस संचालित नहीं हो रही है।

इस संबंध में विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि “चकिया का रोडवेज स्टेशन क्षेत्र की जीवनरेखा है। वर्षों की उपेक्षा के कारण जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अब पुनर्निर्माण के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मेरी प्राथमिकता है कि जल्द से जल्द बस संचालन भी पुनः शुरू कराया जाए, ताकि छात्रों, मरीजों और व्यापारियों को राहत मिल सके। यदि आवश्यक हुआ तो मैं फिर से शासन स्तर पर मजबूत पहल करूंगा।”

नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।स्थानीय लोगों का मानना है कि पुनर्निर्माण के बाद चकिया क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा और नगर के विकास को नई गति मिलेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *