Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चंदौली – व्यापारियों की सुरक्षा पर मंथन, पुलिस ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा…….बैठक में उठा फिर से रोहिताश पाल की हत्या का मामला, चकिया का भी उठा मुद्दा , नई टीम मिला अपर पुलिस अधीक्षक से

चंदौली।

जिले में व्यापारियों की सुरक्षा, अतिक्रमण, अपराध और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को लेकर गुरुवार की दोपहर पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी बंधुओं के साथ मासिक गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) ने की। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न बाजारों से पहुंचे व्यापारी, उद्यमी और सर्राफा व्यवसायियों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं।

बैठक का नेतृत्व व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और अपराध व भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्रवाई में देरी के कारण व्यापारी वर्ग में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कुछ माह पूर्व व्यापारी रोहिताश पाल की हत्या का मामला उठाते हुए आरोपितों की अब तक गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई।

इसके साथ ही चकिया क्षेत्र में  विभाग के अधिकारियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों और वायरल ऑडियो का हवाला देते हुए कहा कि जांच के नाम पर कार्रवाई टलने से व्यापारियों का भरोसा कमजोर हो रहा है। जिलाध्यक्ष ने मांग की कि जिलेभर के बाजारों से आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए।

गोष्ठी में व्यापारियों ने नगर निगम, यातायात पुलिस, विद्युत विभाग, नगर पालिका और पुलिस से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। विशेष रूप से मुख्य बाजारों में रेहड़ी-पटरी के कारण अतिक्रमण से हो रही परेशानी का मुद्दा छाया रहा। व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था सुधारने और बाजार क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त की मांग की। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने व्यापारियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि पुलिस की ओर से हर संभव सहयोग और सुरक्षा प्रदान की जाएगी। 

सुरक्षा को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से पुलिस महानिदेशक द्वारा संचालित “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की। ठंड और कोहरे के मौसम को देखते हुए रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखने का भी भरोसा दिलाया गया। बैठक के अंत में चकिया में गठित नई व्यापारिक कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। 

इस दौरान गोष्ठी में चंद्रेश्वर जायसवाल, अशोक केशरी, राकेश मोदनवाल, महमूद आलम, कुंदन चौहान, सतीश सेठ आका, राजीव अग्रहरि, शंकर गुप्ता, अशोक मौर्य, गोपाल गुप्ता, विष्णु जायसवाल, मनोज चौहान, अंकित कुमार, पंकज प्रसून पांडेय, अंकित जायसवाल, सलमान खान सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *