Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौलीनई दिल्ली

महाकुंभ की सुरक्षा में चमके चंदौली के लाल डीआईजी उदय प्रताप सिंह को सीएम योगी ने किया सम्मानित

👉 प्रयागराज महाकुंभ 2025 में उत्कृष्ट सुरक्षा प्रबंधन का मिला पुरस्कार

👉 सीआरपीएफ डीआईजी को मेडल व प्रशस्ति पत्र, क्षेत्र में खुशी की लहर

👉 चंदौली के मधुपुर निवासी, वर्तमान में सिलचर (असम) में तैनात

👉 उग्रवाद–आतंकवाद से लेकर महाकुंभ तक निभाई अहम भूमिका

चंदौली। विश्व के सबसे बड़े धार्मिक समागम महाकुंभ 2025, प्रयागराज की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने में उत्कृष्ट योगदान देने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के डीआईजी उदय प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेडल एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान उनके कुशल नेतृत्व, अनुशासन और सटीक सुरक्षा रणनीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

चंदौली सदर ब्लॉक के मधुपुर निवासी डीआईजी उदय प्रताप सिंह वर्तमान में सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर, सिलचर (असम) में तैनात हैं। महाकुंभ 2025 के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी में उनकी भूमिका बेहद अहम रही। उनके नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत और सुचारु बनी रही, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

 

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में उदय प्रताप सिंह सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर, फूलपुर में कमांडेंट के पद पर कार्यरत थे। कुछ माह पूर्व विभाग द्वारा उन्हें कमांडेंट से पदोन्नत कर डीआईजी बनाया गया, जिसके बाद उनकी तैनाती सिलचर (असम) में की गई। सम्मान की खबर से सीआरपीएफ अधिकारियों, जवानों और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।

डीआईजी उदय प्रताप सिंह ने वर्ष 1996 में सहायक कमांडेंट के रूप में सीआरपीएफ ज्वाइन कर सेवा की शुरुआत की थी। प्रशिक्षण के बाद उनकी तैनाती असम, पंजाब, गुजरात, छत्तीसगढ़ और जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील राज्यों में रही, जहां उन्होंने उग्रवाद, आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ अभियानों में उल्लेखनीय योगदान दिया।

अगस्त 2022 में उन्हें वाराणसी से प्रयागराज स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर, पंडिला में कमांडेंट के पद पर तैनात किया गया था। यहां रहते हुए उन्होंने चुनाव और महाकुंभ जैसे विशाल आयोजनों में अपने दायित्वों का सफल निर्वहन किया। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें पहले भी पुलिस महानिदेशक एवं सीआरपीएफ द्वारा ‘डी-डिस्क’ पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

सम्मान की सूचना मिलते ही क्षेत्र में बधाइयों का तांता लग गया। भाजपा नेता व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, बनारसी सिंह, कुलदीप सिंह, बाबिल सिंह, श्याम जी सिंह, प्रभात जायसवाल, सुशील जायसवाल, सोनू सिंह, मुश्ताक अहमद, पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन के प्रशांत, शीतला केशरी, अमरदीप, सत्यप्रकाश गुप्ता सहित अनेक लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह सम्मान न केवल डीआईजी उदय प्रताप सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि चंदौली जनपद के लिए भी गौरव का क्षण है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *