चंदौली – बड़ा धमाका….. यहां किन्नर के मकान पर बम से हमला, धमाके से ढही दीवार……मचा दहशत, CO ने बताया
बलुआ (चंदौली)।
बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज में देर रात किन्नर समाज के एक मकान पर बम से हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। धमाका इतना तेज था कि मकान की एक दीवार ढह गई, जबकि अंदर सो रहे करीब एक दर्जन लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर बलुआ थाना पुलिस और मोहरगंज पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने मकान के बाहर तार बिछाकर बम लगाया था, जिससे यह जानलेवा साजिश प्रतीत होती है।
पीड़िता खुशबू किन्नर ने बताया कि वह मोहरगंज की निवासी हैं। उनके अनुसार रात करीब साढ़े 12 बजे 7–8 लोग आए और मकान के बाहर तार बिछाकर बम लगा दिया। धमाके के समय घर में कई लोग मौजूद थे। विस्फोट के झटके से कुछ लोग झाड़ियों की ओर गिर पड़े, जबकि वह स्वयं ऊपर के कमरे में थीं।

खुशबू ने कहा कि किन्नर समाज का किसी से कोई वैमनस्य नहीं है, इसके बावजूद इस तरह की घटना ने समाज की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। सकलडीहा क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी ने बताया कि 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि खुशबू के मकान की बाहरी दीवार क्षतिग्रस्त है। घटना के समय घर में कई लोग मौजूद थे, हालांकि किसी को चोट नहीं आई है।
पीड़िता की तहरीर पर थाना बलुआ में बीएनएस की सुसंगत धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़िता और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और फायर विभाग की टीमों ने जांच की है। पुलिस ने नामजद आरोपियों में से दो को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।



