Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशगाजीपुरचंदौलीजौनपुरवाराणसी

अवैध गतिविधियों पर सीधी चोट: ‘पुलिस सतर्क मित्र’ बना अपराध के खिलाफ नया हथियार….अब अपराधी नहीं बचेंगे! फोटो-वीडियो भेजते ही होगी कार्रवाई, पहचान रहेगी गुप्त…सूचना दीजिए बेखौफ, कार्रवाई देखिए लाइव – रेंज के चारों जिलों में ‘पुलिस सतर्क मित्र’ मॉडल…

अवैध गतिविधियों की सूचना अब पूरी तरह गोपनीय, ‘पुलिस सतर्क मित्र’ बनेगा हथियार

फोटो-वीडियो भेजकर दें सूचना, कार्रवाई के बाद मिलेगा फीडबैक भी

वाराणसी/चंदौली।

वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्ण की पहल पर शुरू किया गया ‘पुलिस सतर्क मित्र’ व्हाट्सएप बॉट अब अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इस बॉट के जरिए अब कोई भी नागरिक क्षेत्र में हो रही किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की फोटो, वीडियो, ऑडियो अथवा लिखित संदेश के माध्यम से सूचना दे सकता है।

बताया गया कि यदि किसी नागरिक को अपने क्षेत्र में गौ-तस्करी, शराब तस्करी, हथियार तस्करी या अन्य किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है अथवा वह उसे घटित होते हुए देखता है, तो वह उसका फोटो या वीडियो बनाकर व्हाट्सएप नंबर 7839860411 पर भेज सकता है। इसके साथ-साथ लिखित या वॉयस मैसेज के जरिए भी सूचना दी जा सकती है।

अक्सर देखने में आता है कि हत्या, लूट, चैन स्नैचिंग जैसी गंभीर घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज या अपराधियों की तस्वीरें आम नागरिकों के पास होती हैं, लेकिन पहचान उजागर होने के डर से वे पुलिस को उपलब्ध नहीं कराते। इसी समस्या को देखते हुए इस व्हाट्सएप बॉट में ऐसी सूचनाएं देने का भी विकल्प दिया गया है, जिसमें सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रहती है।

इस बॉट पर दी गई सभी सूचनाएं सीधे संबंधित जनपद के पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं डीआईजी वाराणसी रेंज कार्यालय को प्राप्त होंगी। प्राप्त सूचनाओं पर आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारी को व्हाट्सएप के माध्यम से निर्देश भेजे जाएंगे। कार्रवाई पूरी होने के बाद संबंधित अधिकारी द्वारा फोटो, वीडियो या मैसेज के जरिए कार्रवाई का विवरण भी अपलोड किया जाएगा। इसके साथ ही सूचना देने वाले नागरिक को भी बॉट के माध्यम से ऑटोमैटिक मैसेज द्वारा अवगत कराया जाएगा।

खास बात यह है कि यदि जौनपुर, गाजीपुर या चंदौली जनपद के किसी थाना या चौकी का पुलिसकर्मी भी गौ-तस्करी, शराब तस्करी, अवैध हथियार तस्करी या किसी अन्य अवैध गतिविधि अथवा भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया जाता है, तो उसकी सूचना भी नागरिक इस व्हाट्सएप बॉट पर दे सकते हैं।

इस व्हाट्सएप बॉट के संचालन के लिए जनपदीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं डीआईजी वाराणसी रेंज कार्यालय में बैकएंड डैशबोर्ड विकसित किए गए हैं, जिनके माध्यम से अवैध गतिविधियों के हॉटस्पॉट, थाना-वार विश्लेषण, साप्ताहिक-पाक्षिक-मासिक रिपोर्ट, फोटो-वीडियो आधारित संवेदनशीलता वर्गीकरण जैसे कई आधुनिक विश्लेषण किए जाएंगे।

पुलिस प्रशासन ने वाराणसी रेंज के जौनपुर, गाजीपुर एवं चंदौली जनपदों के नागरिकों से अपील की है कि वे ‘पुलिस सतर्क मित्र’ व्हाट्सएप बॉट 7839860411 एवं जारी क्यूआर कोड का अधिक से अधिक उपयोग करें और क्षेत्र को अवैध गतिविधियों से मुक्त कराने में पुलिस का सहयोग करें, ताकि एक सुरक्षित और स्वच्छ समाज का निर्माण किया जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *