चंदौली में हुआ घटना, बारिश से कच्चा मकान ढहा, पांच लोग घायल…हुए भर्ती
बारिश से कच्चा मकान ढहा, पांच लोग घायल
धानापुर (चंदौली)।
शुक्रवार तड़के हुई बारिश ने नौली गांव में एक गरीब परिवार पर कहर ढा दिया। मिट्टी का कच्चा मकान अचानक भरभरा कर गिर गया, जिससे घर में सो रहे पांच लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव की है। जानकारी के अनुसार कतवारू राम का कच्चा मकान बारिश के चलते अचानक ढह गया। हादसे के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। मलबे में दबे कतवारू राम के पुत्र शैलेन्द्र कुमार (30) और कतवारू की पत्नी राजदेई देवी (62) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का उपचार धानापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहीं अन्य तीन घायल—शुभम (12), नेहा (11) और दिव्यांश (4)—को भी चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शी सुभाष राम ने बताया कि अचानक तेज आवाज सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो मकान पूरी तरह ढहा हुआ था और परिवार के लोग मलबे में दबे हुए थे। ग्रामीणों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

गांव वालों ने बताया कि नौली गांव में अब भी आधा दर्जन परिवार कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं क्योंकि उन्हें अब तक सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अगर पक्का मकान मिलता तो इस तरह की घटना टल सकती थी।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को निर्देश दे दिए गए हैं। पात्र लाभार्थियों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में दर्ज कर उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा।




