चकिया – घर में डिप्टी सीएम को देख मृतक के पत्नी, बेटी व मां के आंखों से छलका आंसू…….. शोक संवेदना किया प्रकट, बोले सरकार हर संभव मदद करेंगी, हत्यारे को मिलेगी कड़ी से कड़ी सजा
डिप्टी सीएम को देख छलके मृतक के परिवार वालों के आंसू
हत्यारे को मिलेगी कड़ी से कड़ी सजा, न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता – उपमुख्यमंत्री केशव
चकिया, चन्दौली। भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप मौर्य के छोटे भाई संतोष कुमार मौर्य की निर्मम हत्या के बाद शनिवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तिलौरी गांव पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की और मृतक के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जब घर के भीतर पहुंचे, तो संतोष मौर्य की पत्नी ज्योति देवी, बेटी सोनम मौर्या, श्रेया मौर्या, बेटा शुभम मौर्या और मां सावित्री देवी उन्हें देखकर बिलख पड़ीं। परिजनों की हालत देख उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी भावुक हो गए और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का दुख नहीं, पूरे समाज का आक्रोश है। सरकार दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएगी और हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपराधियों के लिए उत्तर प्रदेश में कोई जगह नहीं है। दोषी को कानून के तहत ऐसी सजा मिलेगी, जो नजीर बनेगी। सरकार पीड़ित परिवार के साथ हर स्तर पर खड़ी है। ज्ञात हो कि 5 जुलाई को भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप मौर्य के छोटे भाई संतोष कुमार मौर्य की गोली मारकर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। हत्या की घटना को जयप्रकाश जायसवाल ने अवैध हथियार से दुकान के बाहर अंजाम दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने परिजनों से फोन पर बात कर ढांढस बंधाया था और मिलने का आश्वासन दिया था, जो उन्होंने शनिवार को पूरा किया।
इस दौरान भाजपा सांसद दर्शना सिंह, विधायक सुशील सिंह, विधायक कैलाश आचार्य, भाजपा प्रदेश सोशल मीडिया प्रमुख प्रवीण सिंह कुशवाहा, पूर्व जिला अध्यक्ष राणा सिंह, चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, ब्लाक प्रमुख शम्भूनाथ यादव, भाजपा महामंत्री उमाशंकर सिंह, पूर्व प्रधान चेतन मौर्य, मुकेश साहनी, अभय मौर्य सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।