डीडीयू (चंदौली), संवाददाता आरपीएफ डीडीयू को ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत सोमवार सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। प्लेटफार्म संख्या 5/6 पर गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक के छोड़े गए बैग से 17 कीमती एंड्रॉइड मोबाइल फोन व ₹26,000 नगद बरामद किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उप निरीक्षक अश्वनी कुमार, आरक्षी बजरंग बहादुर सिंह, अजय कुमार पाल तथा टास्क टीम के उप निरीक्षक अमरजीत दास के साथ प्लेटफॉर्म संख्या 5 व 6 पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सुबह लगभग 7:05 बजे एक संदिग्ध युवक काले रंग के पिट्ठू बैग के साथ रैम्प से पश्चिम दिशा में आता दिखा। आरपीएफ जवानों को देखकर युवक सकपकाया और तेजी से भीड़ का फायदा उठाकर भाग गया।
टीम ने पीछा किया, लेकिन वह प्लेटफार्म की भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। युवक द्वारा छोड़े गए बैग की तलाशी लेने पर उसमें ₹500 के 52 नोट (कुल ₹26,000), एक जींस, एक शर्ट व टेप में लिपटे तीन बंडल बरामद हुए।
टेप हटाकर जांच करने पर तीनों बंडलों से कुल 17 एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किए गए, जिनमें वीवो, सैमसंग, ओप्पो, रेडमी, रियलमी, मोटरोला, टेक्नो जैसे नामी ब्रांड के पुराने, बिना सिम वाले मोबाइल थे। जांच में यह भी सामने आया कि सभी मोबाइल फोन फॉर्मेट किए जा चुके थे।
पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए बरामद नगदी व मोबाइल को विधिवत रूप से जब्त कर जप्ती सूची तैयार की गई और सुबह 7:45 बजे के आसपास जीआरपी डीडीयू को लिखित सूचना के साथ सौंप दिया गया।
आरपीएफ ने आशंका जताई है कि यह मामला मोबाइल चोरी या साइबर अपराध से जुड़ा हो सकता है। पुलिस आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।