डीडीयू नगर में योग मैराथन का आयोजन, आयुष मंत्री व विधायक ने किया प्रतिभाग
योग सप्ताह के अंतर्गत सुभाष पार्क में जुटे योग साधक, योगाचार्यों ने कराया अभ्यास
चंदौली। संवाददाता।
अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के उपलक्ष्य में गुरुवार को डीडीयू नगर स्थित सुभाष पार्क में एक भव्य योग मैराथन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र “दयालु” मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाना, नागरिकों को स्वस्थ जीवन के प्रति प्रेरित करना तथा योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाना था। कार्यक्रम की शुरुआत सूर्य नमस्कार और ओम् ध्वनि के साथ हुई। इसके बाद योगाचार्यों द्वारा विविध योगासन, प्राणायाम व ध्यान सत्र का संचालन किया गया।
मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र “दयालु” ने अपने संबोधन में कहा,”योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि यह मानसिक और आत्मिक संतुलन का विज्ञान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है और उत्तर प्रदेश सरकार इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि,”योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मन भी शांत रहता है। ऐसे आयोजन जनजागरण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं।”
इस अवसर पर योगाचार्य राजेश योगी, दीपक बजाज, राणा प्रताप सिंह व गौरव राठी के नेतृत्व में प्रतिभागियों ने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। नगर के वरिष्ठ नागरिक, युवक-युवतियां, छात्र-छात्राएं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी इस योग मैराथन में बढ़-चढ़कर शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन ‘योग कर, रोग भगाओ’ के नारों और सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।