ताजमहल की सुरक्षा में सेंध, विदेशी पर्यटकों ने लहराया बैनर; लिखा ये खास मैसेज
आगरा। ताजमहल में मंगलवार को विदेशी पर्यटकों ने बैनर लहराया। स्मारक में बैनर लहराने की भनक केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को नहीं लगी। इंटरनेट मीडिया में फोटो प्रसारित होने के बाद मामले की जांच की जा रही है।


ताजमहल में मंगलवार शाम करीब पांच बजे वीडियो प्लेटफार्म पर खड़े होकर दो विदेशी पर्यटकों ने बैनर लेकर फोटो खिंचवाया। इसके वहां मौजूद लोगों ने फोटो खींच लिए, जो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहे हैं। एक फोटो में विदेशी महिला व पर्यटक और दूसरे फोटो में महिला पर्यटक ताजमहल के आगे बैनर हाथ में लेकर पोज दे रही है।

फ्रेंच भाषा में लिखा ये मैसेज
दूसरे फोटो में कुछ दूरी पर एक व्यक्ति भी खड़ा है। बैनर पर फ्रेंच भाषा में “हियर इट इज एन’ लिखा हुआ है। वीडियो प्लेटफार्म पर एसआई कर्मचारियों के साथ ही सीआईएसएफ जवान भी तैनात रहते हैं, लेकिन उनकी निगाह पर्यटकों पर नहीं पड़ी। स्मारक में पर्यटकों द्वारा बैनर लेकर जाने से सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।



