शादी करने जा रहा युवक गिरफ्तार, फिर छोटा भाई बना दूल्हा; शादीशुदा प्रेमिका ने सभी के सामने खोल दिए अतीत के राज
कल्याणपुर। पनकी निवासी एक युवक को 10 वर्ष पूर्व अपने घर में किराये पर रहने वाली शादीशुदा महिला से प्रेम हो गया। युवक महिला से शादी का झांसा देकर संबंध बनाता रहा। इधर युवक के स्वजन ने उसकी शादी तय कर दी। रविवार को बरात जानी थी। महिला को इस बात की जानकारी हुई तो वह पुलिस के पास पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस ने युवक को जेल भेज दिया।

उधर युवक के पकड़े जाने पर छोटे भाई को दूल्हा बनाकर बरात रवाना की गई। पनकी क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में यह आरोप लगाया कि वह 10 वर्ष पूर्व वहीं के एक घर में किराये पर रहती थी। वहां उसके संबंध परिवार के एक युवक से हो गए।
शादी का झांसा देकर युवक करता रहा दुष्कर्म
इसकी जानकारी होने पर पति ने विरोध किया तो युवक ने पति को धमका कर भगा दिया और उससे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। महिला ने बताया कि युवक से उसकी एक पांच वर्षीय बेटी भी है। इधर युवक के स्वजन ने उसकी शादी तय कर दी। बीते रविवार को बरात जानी थी।



