चंदौली – मिशन शक्ति की पहल व CO चारु के प्रयास से बिखरने से बचे परिवार, फिर लौटी खुशियां……..सीओ ने दो परिवारों को किया सम्मानित, काउंसिलिंग के बाद लिया फीडबैक
मनमुटाव मिटा, रिश्तों में लौटी मिठास; परिवार परामर्श केंद्र की पहल लाई रंग
चंदौली /
चंदौली। छोटे-छोटे मनमुटाव से टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों में एक बार फिर खुशियां लौटने लगी हैं। आपसी बातचीत, समझाइश और काउंसिलिंग के जरिए पारिवारिक विवादों का समाधान कराकर चंदौली पुलिस रिश्तों को बचाने की मुहिम चला रही है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत शुक्रवार को जिले के सभी थानों के मिशन शक्ति केंद्रों और परिवार परामर्श केंद्रों की ओर से सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पूर्व में सुलझाए गए पारिवारिक विवादों से जुड़े परिवारों को सम्मानित कर काउंसिलिंग के बाद आए बदलावों की जानकारी ली गई।
क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के तहत वह स्वयं बलुआ थाना क्षेत्र के रानेपुर गांव पहुंचीं। यहां उन्होंने दो परिवारों को सम्मानित किया और उनसे बातचीत कर विवाद सुलझने के बाद परिवार में आए बदलावों का फीडबैक लिया। उन्होंने परिजनों को आपसी समझ, विश्वास और सामंजस्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
काउंसिलिंग से रिश्तों में लौटी मिठास
परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से जिन दंपतियों के बीच विवादों का समाधान कर उन्हें आपसी सहमति से साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया था, उनके परिजनों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया। इस दौरान परिवारों ने काउंसिलिंग के बाद के अपने अनुभव साझा किए। परिजनों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए बताया कि आपसी बातचीत और समझाइश से विवाद दूर करने में मदद मिली। इससे परिवारों में फिर से खुशहाली और आपसी सामंजस्य कायम हुआ।
छोटे विवादों को न बनने दें रिश्ते टूटने की वजह
सीओ डॉ. चारु द्विवेदी ने कहा कि छोटे-छोटे मनमुटाव और आपसी मतभेद कई बार गंभीर पारिवारिक विवाद का रूप ले लेते हैं। ऐसे मामलों में धैर्य, संवाद और काउंसिलिंग के जरिए रिश्तों को टूटने से बचाया जा सकता है। मिशन शक्ति केंद्र का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के साथ पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देना भी है। पुलिस की ओर से भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर परिवारों को एकजुट रखने का प्रयास जारी रहेगा।
कार्यक्रम में बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी एवं एसएसआई जमीलउद्दीन खान, महिला आरक्षी अनामिका, महिला आरक्षी दिव्या सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।