Friday, September 11, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया में छह शातिरों पर चला कोतवाल का डंडा, गुंडा एक्ट लगते ही अपराधियों में मचा हड़कंप

चकिया में छह शातिर अपराधियों पर कसा शिकंजा, लगा गुंडा एक्ट

चोरी से लेकर गोवंश तस्करी और एनडीपीएस तक के आरोपित निशाने पर, पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में मची खलबली

चकिया। अपराधियों के खिलाफ चकिया पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह अभ्यस्त अपराधियों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र के आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों में खलबली मच गई है। पुलिस ने अपराधियों को चिह्नित कर उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल पैदा करने तथा लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले छह आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें प्रहलाद शर्मा निवासी गांधी नगर, मोनू उर्फ मियानू निवासी सिकंदरपुर, नरसिंह चौहान निवासी मोहम्मदाबाद, जावेद नाई निवासी बेलावर, राजन निवासी इंदिरा नगर और अखिलेश कुमार गुप्ता निवासी दूबेपुर शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक प्रहलाद शर्मा के खिलाफ चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोनू उर्फ मियानू के खिलाफ चोरी से संबंधित दो मामले दर्ज बताए गए हैं। नरसिंह चौहान पर गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के दो मुकदमे दर्ज हैं।

इसी क्रम में जावेद नाई के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। नगर के पर मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित दो मुकदमे हैं, जबकि अखिलेश कुमार गुप्ता के खिलाफ चोरी समेत अन्य धाराओं में दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त रहने वाले लोगों को चिह्नित करने का अभियान जारी रहेगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण कायम रखा जा सके।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश राय और आरक्षी अमित दुबे शामिल रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *