बंद मकान थे निशाने पर, रात में टूटते थे ताले….चोरों के गैंग का बड़ा खुलासा, 8 गिरफ्तार; वेन्यू कार और 3.50 लाख नकद बरामद….. अर्जुन की नजरों से बच नहीं पाए, तीन टीमें मिलकर धरदबोचा
चोरी के अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, आठ गिरफ्तार
3.50 लाख रुपये नकद, आभूषण, लैपटॉप, टीवी और गैस सिलेंडर बरामद; चोरी के रुपयों से खरीदी वेन्यू कार भी मिली
मुगलसराय, चंदौली। थाना मुगलसराय पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 3.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, दो लैपटॉप, एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर समेत चोरी का अन्य सामान बरामद किया है। वारदात में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा और चोरी के रुपये से खरीदी गई वेन्यू कार भी पुलिस के हाथ लगी है।

पुलिस के अनुसार पिछले दिनों मुगलसराय थाना क्षेत्र में लगातार बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर एसओजी, सर्विलांस और मुगलसराय पुलिस की टीम गिरोह तक पहुंची।
नाचघर के पास चोरी के माल के बंटवारे की तैयारी
पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि इंडियन इंस्टीट्यूट नाचघर के पास सफेद रंग की वेन्यू कार और ऑटो रिक्शा के पास कुछ संदिग्ध लोग चोरी के सामान के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।




