चंदौली – ऑपरेशन के नाम पर 30 हजार रुपये मांगने का आरोप, सपा के पूर्व विधायक पहुंचे अस्पताल…… प्रिंसिपल व DM से किए बात, विधवा महिला का निजी अस्पताल में कराया भर्ती,, मामले की जानकारी होने पर प्रिंसिपल ने डॉक्टर को जारी किया, जांच कमेटी की गठित
प्राचार्य व सीएमओ से शिकायत- सोमवार से आंदोलन की चेतावनी
चंदौली। बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक गरीब विधवा महिला से पैर के ऑपरेशन के नाम पर 30 हजार रुपये मांगने का आरोप सामने आया है। मामले को लेकर पूर्व सैयदराजा विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद समय पर महिला का ऑपरेशन नहीं किया गया।
जानकारी के अनुसार, धानापुर क्षेत्र के मेढ़वा गांव निवासी विधवा किताबी देवी पैर में चोट लगने के बाद करीब दस दिन पहले मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई थीं। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन की तैयारी के दौरान उनसे 30 हजार रुपये मांगे गए। रुपये देने में असमर्थता जताने पर ऑपरेशन टाल दिया गया और महिला को ओटी से बाहर भेज दिया गया। इसके बाद पैर में कच्चा प्लास्टर लगाकर अस्पताल में भर्ती रखा गया।
परिजनों का यह भी आरोप है कि मामले की शिकायत मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और सीएमओ से की गई, लेकिन समाधान नहीं निकला। इसके बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू मेडिकल कॉलेज पहुंचे और अधिकारियों से पूरे प्रकरण की जानकारी लेते हुए कार्रवाई की मांग की। बाद में उन्होंने महिला को बेहतर उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों से ऑपरेशन के नाम पर अवैध वसूली और बाहर से दवाएं लिखने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही हैं तो यह गरीब मरीजों के साथ अन्याय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं, परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में चिकित्सकों से जुड़े एक बाहरी व्यक्ति ने भी अलग-अलग समय पर 13 हजार और 10 हजार रुपये की मांग की।पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद थी, लेकिन यदि भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप सामने आ रहे हैं तो इसकी उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार से मेडिकल कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
उधर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डाक्टर अमित सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी होते ही आरोप लगे डॉक्टर को नोटिस जारी कर दिया गया है। वहीं जांच कमेटी भी गठित कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो दोषी पाए जायेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई किया जायेंगे।