चकिया के निर्भयदास हनुमान मंदिर का होगा भव्य कायाकल्प, ₹1.84 करोड़ की सौगात के साथ हुआ भूमि पूजन
वंदन योजना के तहत शुरू हुआ निर्माण कार्य, वेटिंग हॉल, पाथवे, बाउंड्री वॉल, सीसी रोड समेत आधुनिक सुविधाओं से सजेगा मंदिर परिसर; नगर अध्यक्ष ने शिखर निर्माण निजी खर्च से कराने की घोषणा की।
चकिया। नगर के वार्ड संख्या-7 सिविल लाइंस पश्चिम स्थित निर्भयदास हनुमान मंदिर के भव्य नव निर्माण एवं विकास की दिशा में शनिवार को ऐतिहासिक शुरुआत हुई। वंदन योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 84 लाख 65 हजार रुपये की स्वीकृत धनराशि से होने वाले निर्माण कार्य का विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर चकिया विधायक कैलाश आचार्य, नगर अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता ‘आशु’ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
विधायक कैलाश आचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि निर्भयदास हनुमान मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसके विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। लंबे समय से मंदिर के कायाकल्प की मांग की जा रही थी, जो अब साकार होने जा रही है।
मंदिर परिसर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
स्वीकृत धनराशि से मंदिर परिसर में वेटिंग हॉल, पाथवे, बाउंड्री वॉल, इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा और व्यापक सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद मंदिर परिसर पहले से अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनेगा।
नगर अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि शासन द्वारा स्वीकृत राशि से मंदिर का समग्र विकास कराया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए मंदिर के शिखर का निर्माण अपने निजी खर्च से कराने की घोषणा भी की, जिस पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में सभासद बादल सोनकर, रवि गुप्ता, उमेश चौहान, ज्योति गुप्ता, कमलेश यादव, अमरदीप मोदनवाल, केशरी नंदन, सुरेश सोनकर , पूजा जायसवाल, दिनेश कसौधन, रामू पटेल, शैलेन्द्र यादव, पूर्व सभासद राममूरत कुशवाहा, प्रमोद कुशवाहा, सरदार जीत सिंह, भाजपा नेता शुभम मोदनवाल, प्रतिनिधि राजू माली, प्रभाकर पटेल, विजयानंद द्विवेदी, रोहित विश्वकर्मा, अनिल गोंड सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।