Wednesday, July 8, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया – खनन विभाग का बड़ा प्रहार: 517 वाहनों पर कार्रवाई, 9.44 करोड़ की रिकॉर्ड राजस्व वसूली…….2.51 करोड़ का अर्थदंड

खनन विभाग का बड़ा एक्शन: तीन माह में 517 वाहनों पर कार्रवाई

 लक्ष्य से 9.44 करोड़ की अधिक राजस्व वसूली

चालान के रूप में 2.51 करोड़ रुपये का अर्थदंड

अवैध खनन और बिना कागजात परिवहन पर कसा शिकंजा

प्रशांत कुमार 

जिला संवाददाता 

चंदौली। जिले में अवैध खनन और बिना वैध अभिलेख खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई रंग ला रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में विभाग ने न केवल राजस्व वसूली में नया रिकॉर्ड बनाया, बल्कि खनन माफियाओं पर भी प्रभावी शिकंजा कसते हुए 517 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इन वाहनों से 2.51 करोड़ रुपये अर्थदंड के रूप में वसूले गए। वहीं विभाग ने तीन माह में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 9 करोड़ 44 लाख रुपये अधिक राजस्व अर्जित कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

    खनिज विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न खनन क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और चेकिंग प्वाइंटों पर लगातार अभियान चलाया। इस दौरान बिना ई-रवन्ना, ओवरलोडिंग तथा नियमों का उल्लंघन कर गिट्टी, बालू और मौरंग का परिवहन करने वाले वाहनों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सैकड़ों वाहनों का चालान किया गया और कई वाहनों को सीज भी किया गया।

    राजस्व वसूली के मामले में विभाग ने शानदार प्रदर्शन किया। अप्रैल माह में 7.50 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 9.15 करोड़ रुपये, जबकि मई माह में 7.50 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 11.66 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वही जून माह में भी अभियान के दौरान 11.13 लाख रुपये का अतिरिक्त अर्थदंड वसूला गया। इस प्रकार तीन माह में विभाग ने लक्ष्य से 9.44 करोड़ रुपये अधिक राजस्व अर्जित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

      खनिज अधिकारी प्रदीप कुमार राज ने कहा कि विभाग की पहली प्राथमिकता जनपद में कहीं भी अवैध खनन या बिना वैध अभिलेख के खनिज परिवहन नहीं होने देना है। इसके लिए विभागीय टीमें लगातार फील्ड में चेकिंग कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इसी सघन अभियान का परिणाम है कि तीन माह में 517 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.51 करोड़ रुपये का अर्थदंड वसूला गया। आगे भी अवैध खनन और अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

मुख्य उपलब्धियां

तीन माह में लक्ष्य से 9.44 करोड़ रुपये अधिक राजस्व

517 वाहनों पर कार्रवाई

2.51 करोड़ रुपये अर्थदंड एवं राजस्व की वसूली

अवैध गिट्टी, बालू और मौरंग परिवहन पर लगातार सख्त अभियान

जनपदभर में विभागीय टीमों की नियमित चेकिंग जारी

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *