Sunday, June 14, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वालों पर चकिया पुलिस का शिकंजा, पांच गिरफ्तार…….

चकिया (चंदौली)। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और आपत्तिजनक गीत प्रसारित कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ चकिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अभियान चलाकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन तथा उच्चाधिकारियों के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत थाना चकिया पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समूह बनाकर भड़काऊ एवं उकसाऊ सामग्री साझा करने वाले तथा पूर्व से चिन्हित लोगों के खिलाफ अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस ने ग्राम भभौरा से जयकान्त यादव, अभिषेक कुमार, रूद्र प्रताप सिंह, रणजीत यादव और राहुल कुमार को गिरफ्तार किया। आरोप है कि ये लोग सोशल मीडिया के माध्यम से ऐसी सामग्री प्रसारित कर रहे थे, जिससे सामाजिक वैमनस्य फैलने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।

पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए अग्रिम विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कार्रवाई में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक मुन्ना सिंह तथा मुख्य आरक्षी सुहेल अहमद समेत थाना चकिया की पुलिस टीम शामिल रही।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें और किसी भी भड़काऊ, अफवाहपूर्ण या समाज में नफरत फैलाने वाली सामग्री को साझा करने से बचें। सोशल मीडिया पर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *