पंचायती राज विभाग से जुड़ी योजनाओं की प्रगति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति/जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की समीक्षा बैठक मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में निर्माणाधीन कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष में प्राप्त एवं व्यय धनराशि की स्थिति, जनपद स्तर पर उपलब्ध धनराशि, व्यक्तिगत शौचालयों के ऑनलाइन आवेदन, सामुदायिक शौचालयों की क्रियाशीलता, आरआरसी, पंचायत उत्सव भवन एवं डिजिटल लाइब्रेरी निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।
विभागीय कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर एडीओ पंचायत नियमताबाद, शहाबगंज, सदर एवं चकिया को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में उदासीनता किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीडीओ ने समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं एडीओ पंचायतों को निर्देशित किया कि ब्लॉक स्तर पर निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं में बेहतर प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने 10 जनवरी तक सभी योजनाओं में जियो टैगिंग शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही पशु आश्रय स्थलों तथा एनआरएलएम एवं पंचायती राज विभाग के अंतर्गत मानदेय पर कार्यरत कर्मियों का वेतन समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। लापरवाही की स्थिति में संबंधित खंड विकास अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।