Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चंदौली – जब यहां मतदाता सूची को लेकर हुआ बवाल, दो पक्ष भिड़े…..जमकर चले लात-घूसे, भारी फोर्स तैनात

मतदाता सूची को लेकर सतपोखरी में बवाल, दो पक्ष भिड़े

मुगलसराय, चंदौली।

दुलहीपुर क्षेत्र के सतपोखरी ग्राम सभा में मतदाता सूची को लेकर विवाद उस समय उग्र हो गया, जब दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी लात-घूंसों में बदल गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर शांति व्यवस्था संभाली।

विवाद की जड़ मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सवाल रहे। ग्रामीणों का आरोप था कि सूची में कुछ नाम दो-दो बार दर्ज हैं, जबकि कुछ पात्र मतदाताओं के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। हालात बिगड़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लेखपाल द्वारा मौके पर ही मतदाता सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया गया। बारी-बारी से मतदाताओं के नाम पढ़े गए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि सामने आ सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता का नाम दो बार पाया जाता है, तो नियमानुसार सत्यापन के बाद उसे सूची से हटाया जाएगा।

मौके पर एसडीएम अनुपम मिश्रा, नायब तहसीलदार, तहसीलदार, सीओ डीडीयू नगर सहित विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण निष्पक्षता और नियमों के तहत किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *