लखनऊ में चकिया की शिक्षा व परिवहन समस्याओं को लेकर CM से मिले विधायक कैलाश आचार्य…….. शहाबगंज के लिए किया बड़ा….जगी उम्मीद, विधायक ने किया आमंत्रित
चकिया/ लखनऊ । चकिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक कैलाश आचार्य ने लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री से भेंट कर क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और परिवहन सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
विधायक ने सावित्रीबाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चकिया में विज्ञान वर्ग की कक्षाएं प्रारंभ कराने की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही चकिया से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तथा चकिया से वाराणसी-रामनगर मार्ग पर नियमित बस परिवहन सेवा शुरू कराने की मांग की, जिससे क्षेत्रवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इसके अलावा नौगढ़ स्थित राजकीय विद्यालय में द्वितीय पाली में कक्षाएं संचालित किए जाने तथा शहाबगंज में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की स्थापना के संबंध में भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया गया। विधायक ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार होगा और छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा।
मुलाकात के दौरान विधायक कैलाश आचार्य ने क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और उन्हें चकिया विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष काशी नाथ सिंह, आशीष पाठक सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।





