चोरी रोकने दौड़ा 17 साल का किशोर, बदमाशों ने मार दी गोली….चोर को दबोच लिया था, छुड़ाने में साथी ने दाग दी गोली,, गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात, एक आरोपी गिरफ्तार
थाना सैयदराजा क्षेत्र के दुधारी गांव में रविवार देर रात चोरी की वारदात के दौरान 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। साहस दिखाते हुए किशोर ने अकेले ही चोरी कर भाग रहे चोरों का पीछा किया और एक बदमाश को पकड़ लिया, लेकिन इसी बहादुरी की उसे जान देकर कीमत चुकानी पड़ी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
चोरी कर भाग रहे थे बदमाश
दुधारी गांव में देर रात कुछ चोर एक घर में चोरी कर फरार हो रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी मोनू राम (17) की नजर उन पर पड़ी। बिना किसी की मदद का इंतजार किए मोनू ने चोरों का पीछा किया।
खेत में पकड़ लिया चोर
गांव से कुछ दूरी पर एक खेत में मोनू ने एक चोर को दबोच लिया। पकड़े जाने के डर से उसके साथी घबरा गए। चोर को छुड़ाने के लिए दूसरे बदमाश ने तमंचा निकालकर मोनू पर गोली चला दी।
गोली लगने के बाद भी नहीं छोड़ा चोर
गोली लगने के बावजूद किशोर ने साहस नहीं छोड़ा और चोर को पकड़े रखा। इसी बीच शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी चोर को पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने किया घेराव, आरोपी घायल
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया।
अस्पताल में मृत घोषित
गंभीर रूप से घायल मोनू को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिहार का रहने वाला है मुख्य आरोपी
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो बिहार का निवासी है। कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गांव में पुलिस तैनात
स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।