Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

मीडिया ही बदल सकता है यूपी का भविष्य : प्रो. मोहम्मद फरियाद,, आयोजित हुआ गोष्ठी…….मीडिया एक दोधारी तलवार है, हैदराबाद के संकायाध्यक्ष ने काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से था

विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण — प्रो. मोहम्मद फरियाद

 

 

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में ‘2047 विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प में मीडिया की भूमिका’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा सोमवार को ‘2047 विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प में मीडिया की भूमिका’ विषयक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। मानविकी संकाय के थिएटर कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय, हैदराबाद के संकायाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद फरियाद रहे।

प्रो. फरियाद ने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मीडिया एक दोधारी तलवार है, जो समाज को विकास के मार्ग पर भी ले जा सकती है और पतन की ओर भी धकेल सकती है। इसलिए मीडिया का सदुपयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को विकास से जुड़ी खबरों को सकारात्मक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करना चाहिए। चाटुकारिता और पक्षपातपूर्ण पत्रकारिता से समाज का पतन होता है।

उन्होंने कहा कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंचतीं, तब तक विकसित भारत या विकसित उत्तर प्रदेश का सपना अधूरा रहेगा। विकसित भारत का अर्थ आत्मनिर्भर भारत है, और यह तभी संभव है जब नागरिक अपनी जिम्मेदारी को समझें। प्रो. फरियाद ने पत्रकारिता के छात्रों से कहा कि वे सदैव जागरूक रहें, क्योंकि पत्रकार समाज का दर्पण होता है और उसकी कलम का प्रभाव पूरे राष्ट्र पर पड़ता है।

कार्यक्रम की विषय स्थापना करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि भारत के विकास का मार्ग उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। यदि उत्तर प्रदेश विकसित होगा, तभी देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर होगा। उन्होंने कहा कि मजबूत मीडिया ही सशक्त समाज और राष्ट्र की पहचान है। मीडिया के गिरने से समाज और देश, दोनों ही कमजोर होते हैं।

इस अवसर पर डॉ. नागेंद्र पाठक, डॉ. गिरीश दुबे, डॉ. अजय वर्मा, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. अर्चना सिंह सहित बड़ी संख्या में शोधार्थी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उपस्थितों में विजय कुमार सिंह, खुश्बू सिंह, दिलकशा, स्तुति, पीयूष, कोमल, उद्देश्य, पुलकित, आशीष, फैजान, लुकमान, हर्ष, गौरव, जय कृष्णा, मनीष, ज्योति, दिशान आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का स्वागत डॉ. प्रभा शंकर मिश्र ने किया, संचालन डॉ. चन्द्रशील पाण्डेय और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मनोहर लाल ने किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *