पुलिस की मुठभेड़: छह वर्षीय मासूम से दुष्कर्म और हत्या करने वाले दोनों आरोपियों को लगी गोली, आरक्षी भी घायल

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के सरने गांव में छह वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म और हत्या करने वाले दोनों आरोपियों का शुक्रवार को पुलिस से आमना-सामना हो गया। रेवसा रेलवे क्रासिंग अंडरपास के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली दोनों आरोपियों के पैरों में लगी, जबकि एक आरक्षी भी घायल हो गया। घायलों को नियामताबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात सरने गांव में छह वर्षीय बालिका के लापता होने के बाद उसका शव भूसे के ढेर में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की थी।

पुलिस ने जांच में पाया कि गांव के ही दो युवक रंजित और लेखराज इस घटना में शामिल हैं। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार की रात गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को पुलिस दोनों को न्यायालय में पेश करने के लिए ले जा रही थी।
इसी दौरान जब पुलिस टीम रेवसा रेलवे क्रासिंग अंडरपास के पास पहुंची, तो दोनों दरिंदों ने पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लग गई और वे मौके पर ही गिर पड़े। इस दौरान आरक्षी रोशन यादव भी घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए नियामताबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उनका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यह जघन्य अपराध उजागर हुआ है।

एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना में उनकी संलिप्तता की पुष्टि हो चुकी है। इलाज के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस घटना से पूरे जिले में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने मासूम को न्याय दिलाने की मांग करते हुए पुलिस की तत्परता की सराहना की है। वहीं प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
About The Author
Post Views: 0


