Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशलखनऊ

प्रधान व पूर्व प्रधान पक्ष के बीच खूनी संघर्ष, चली गोलियां, चार घायल……

पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क

हरदोई। प्रधानी के चुनाव की चली आ रही रंजिश में प्रधान व पूर्व प्रधान पक्ष के बीच शुक्रवार की रात विवाद हो गया। मारपीट और फायरिंग में प्रधान के दो देवर घायल हो गए। वहीं पूर्व प्रधान पक्ष के दो लोगों के भी चोटें आईं। पुलिस ने दोनों पक्षों को जिला अस्पताल पहुंचाया। सीओ सिटी ने बताया कि दोनों पक्षों पर कार्रवाई की जा रही है।

लोनार क्षेत्र के इटौरिया निवासी राधा सिंह प्रधान हैं। पूर्व प्रधान नरेश पाल सिंह के परिवार के ही मुनेंद्र सिंह की पत्नी कमला सिंह ने भी चुनाव लड़ा था। राधा सिंह प्रधान तो बन गईं और उसी के बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही है। प्रधान राधा सिंह की पति रंजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात उनके भाई संजीत सिंह व रामचंद्र घर के बाहर बैठे थे। उसी समय मुनेंद्र सिंह, विजय सिंह आदि दूसरे गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होकर नशे में निकले और गाली गलौज करने लगे। संजीत ने मना किया तो वह लोग मारपीट पर उतारू हो गए। इसी बीच अन्य लोग भी आ गए और फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें संजीत सिंह के मुंह पर छर्रा लगा और उनका जबड़ा ही टूट गया। जबकि रामचंद्र भी घायल हो गए। वहीं पूर्व प्रधान पक्ष के राजेंद्र सिंह व कल्लू सिंह के भी चोट आईं। दो पक्षों में बवाल की खबर पर गांव वाले जमा हो गए।

पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीओ सिटी विकास जायसवाल कोतवाली शहर और लोनार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। जिसमें एक पक्ष फायरिंग का आरोप लगा रहा है। पुलिस पूरी जांच कर रही है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *