पुलिस मांग रही हिसाब, दो कारतूस कम मिले तो शस्त्रधारक ने कहा.बेटे की शादी में की थी हर्ष फायरिंग……
पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क
मुरादाबाद। बेटे की शादी में हर्ष फायरिंग करना एक पिता को तीन साल बाद महंगा पड़ गया। पुलिस ने जब कारतूस का हिसाब मांगा तो दो कारतूस हर्ष फायरिंग में दागने की बात शस्त्रधारक ने स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने शस्त्रधारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की। इसके साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए एसएसपी और डीएम को रिपोर्ट भेजी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन कुमार के आदेश पर जनपद के 20 थानों में लाइसेंसी शस्त्रधारकों को दिए गए कारतूसों की चेकिंग की जा रही है। कटघर थाना की उपनिरीक्षक अमरेश देवी ने उड़नपुरा मुहल्ला थाना कटघर निवासी मुहम्मद इकबाल की डबल बैरल बंदूक के लाइसेंस में ली गई 10 कारतूसों का हिसाब मांगा। इसमें आठ कारतूस उनके पास बरामद हुए, जबकि दो कारतूसों के उपयोग के बारे में उन्होंने जानकारी नहीं दी। इसके बाद पुलिस ने उनसे सख्ती से पूछताछ की जिसके बाद पता चला कि उन्होंने साल 2018 में अपने बेटे की शादी में हर्ष फायरिंग में दो कारतूस दागे थे। इस जानकारी के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ शस्त्र नियमों के उल्लंघन में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की। एसएसपी पवन कुमार ने बताया कि जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में जांच की जा रही है। जिन भी थानों में शस्त्रधारकों के द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया है। उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट भेजी जाएगी। गौरतलब है कि मुरादाबाद जनपद में 21 हजार लोगों के पास शस्त्र लाइसेंस हैं।


