13 महीने बाद बदले अर्जुन सिंह, 112 में तैनात इंस्पेक्टर संजय सिंह संभालेंगे चकिया कोतवाली की कमान
चकिया, चंदौली। चकिया कोतवाली में लंबे समय बाद प्रभारी के पद पर बड़ा बदलाव हुआ है। लगातार तीन बार उपनिरीक्षकों के हाथों में रही कोतवाली की कमान अब तीन स्टार वाले निरीक्षक के हाथों में होगी। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बुधवार को पुलिस महकमे में फेरबदल करते हुए चकिया कोतवाली के प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह को मुगलसराय कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं डायल-112 में तैनात निरीक्षक संजय सिंह को चकिया कोतवाली का नया प्रभारी बनाया गया है।
इस फेरबदल के बाद चकिया कोतवाली में पुलिसिंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि पिछले करीब 13 माह से उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह चकिया कोतवाली की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उनके स्थान पर निरीक्षक संजय सिंह के आने से कोतवाली की कमान दरोगा से इंस्पेक्टर के हाथों में चली गई है।
बताया जाता है कि चकिया कोतवाली का प्रभारी पद लगातार तीन बार उपनिरीक्षकों के पास रहा। इससे पहले उपनिरीक्षक मिथिलेश तिवारी, फिर उपनिरीक्षक अतुल प्रजापति और उसके बाद उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह ने कोतवाली की जिम्मेदारी संभाली। अर्जुन सिंह ने करीब 13 महीने तक अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
उधर, बुधवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने वायरल वीडियो और मारपीट के मामले में भी कार्रवाई करते हुए मुगलसराय कोतवाली प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं सकलडीहा कोतवाली के कस्बा चौकी प्रभारी वरुण राय को भी लाइन हाजिर किया गया है। मामले में एक महिला ने मारपीट का आरोप लगाया था।
पुलिस अधीक्षक के इस फेरबदल के बाद अब सभी की निगाहें चकिया के नए कोतवाल संजय सिंह पर टिकी हैं। डायल-112 से सीधे कोतवाली की कमान संभालने वाले निरीक्षक के सामने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ ही अपराध नियंत्रण की बड़ी जिम्मेदारी होगी।