चकिया होगा कैमरा सिटी, सेफ सिटी की ओर पहला कदम, नगर पंचायत जाकर CO व कोतवाल ने सौंपा पत्र, तीसरी आंख का पहरा, 21 प्रमुख स्थानों पर लगेंगे 67 CCTV कैमरे….. चेयरमैन ने दिया भरोसा जल्द होगा
21 प्रमुख स्थानों पर लगेंगे 67 सीसीटीवी कैमरे, सीओ व कोतवाल ने चेयरमैन को सौंपा ज्ञापन
चकिया, चंदौली। नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने नगर पंचायत से प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की पहल की है। इसी क्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान व कोतवाल अर्जुन सिंह नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर नगर के 21 प्रमुख स्थानों पर 67 सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नगर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, प्रवेश मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगने से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। चोरी, लूट, छिनैती सहित अन्य घटनाओं के बाद आरोपितों की पहचान और वाहनों की निगरानी में भी कैमरे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पर्यटन स्थल राजदरी-देवदरी की ओर जाने वाले मार्गों पर भी निगरानी मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा, “नगरवासियों की सुरक्षा नगर पंचायत की प्राथमिकता है। पुलिस की ओर से मिले प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। जिन स्थानों को चिन्हित किया गया है, वहां आवश्यकतानुसार उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने की दिशा में जल्द कार्रवाई की जाएगी। इससे नगर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों में भी सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा।
सीओ अजीत चौहान ने कहा, “नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे बेहद जरूरी हैं। कैमरों की निगरानी से अपराध रोकने के साथ ही घटना होने पर पुलिस को आरोपितों तक पहुंचने में काफी मदद मिलेगी। नगर पंचायत के सहयोग से इस व्यवस्था को जल्द से जल्द प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।”

पुलिस के अनुसार सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से बाजार, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की निगरानी चौबीसों घंटे संभव हो सकेगी। इससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।








