Sunday, August 16, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

रास्ता बदलकर सवारी को लूटने वाला गिरफ्तार, पुलिस ने किया सतर्क………स्टेशन से ऑटो में बैठा था यात्री, सुनसान रास्ते पर ले जाकर मोबाइल और

 

मुगलसराय, चंदौली। अगर आप स्टेशन, बस अड्डे या बाजार से ऑटो में सफर करते हैं तो थोड़ा सतर्क रहिए। मुगलसराय में ऑटो में सवारी बैठाकर सुनसान रास्ते पर ले जाकर लूट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल और ₹500 बरामद किया है। घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अनजान ऑटो में बैठने और चालक के निर्धारित रास्ते से हटने पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त की रात वाराणसी के चौबेपुर निवासी महेश पाल मुगलसराय स्टेशन से पड़ाव जाने के लिए एक ऑटो में बैठे थे। आरोप है कि चालक और उसके साथी ने उन्हें निर्धारित रास्ते से अलग सब्जी मंडी, सट्टी और छिमिया होते हुए रिंग रोड की ओर ले गए। महादेवपुर के पास दोनों ने यात्री से मोबाइल फोन और पर्स में रखे ₹2,500 छीन लिए और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की तहरीर पर मुगलसराय थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। 16 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर चंधासी-हरिशंकरपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर कुनाल आलम (21), निवासी काली महाल, मुगलसराय को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटा गया रियलमी 6i मोबाइल और ₹500 बरामद हुए। मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

सफर के दौरान ये सावधानियां बरतें

– ऑटो में बैठने से पहले चालक का नंबर या वाहन की जानकारी नोट कर लें।

– संभव हो तो परिचित या अधिकृत वाहन से ही यात्रा करें।

– चालक निर्धारित रास्ते से हटे तो तुरंत कारण पूछें और जरूरत पड़ने पर वाहन से उतरने की कोशिश करें।

– सुनसान स्थान पर जाने से बचें और किसी विश्वसनीय व्यक्ति को अपनी लोकेशन साझा करते रहें।

– मोबाइल और नकदी को खुले में न रखें।

– किसी संदिग्ध स्थिति में आसपास के लोगों की मदद लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस ने वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *