मुगलसराय पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 24 घंटे में ही चाकूकांड का किया खुलासा …….. जानलेवा हमला करने वाले हिस्ट्रीशीटर को धरदबोचा
मुगलसराय, चंदौली। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाकू से जानलेवा हमला करने वाले एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू भी बरामद किया है। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की सक्रियता की क्षेत्र में चर्चा है।
पुलिस के अनुसार 2 जून को कैलाशपुरी महमूदपुर निवासी राम लखन गुप्ता ने थाना मुगलसराय में तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता मुन्नका प्रसाद गुप्ता पर गुरुद्वारा के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल मुन्नका प्रसाद का उपचार वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर बीएचयू में चल रहा है। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी थी।

उच्चाधिकारियों के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर रविनगर काली मंदिर मोड़ के पास से अभियुक्त राकेश कुमार गिरी उर्फ विजय गिरी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू भी बरामद हुआ, जिसके आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा बढ़ाई गई है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका विवाद हुआ था। उसी रंजिश में दो जून की रात फिर कहासुनी होने पर उसने चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार छिपता फिर रहा था।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त थाना मुगलसराय का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध पूर्व में हत्या के प्रयास, गुंडा नियंत्रण अधिनियम समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विजय राज, उपनिरीक्षक सुभाष प्रसाद, कांस्टेबल राहुल कुमार यादव और कांस्टेबल संजीव कुमार पटेल शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




