चंदौली में नए डीपीआरओ की एंट्री, पहले दिन ही सख्त संदेश; बोले- लापरवाही हुई तो होगी कार्रवाई
चंदौली। पंचायत विभाग में जवाबदेही और अनुशासन को लेकर चंदौली को नया नेतृत्व मिल गया है। नवागत जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) अविनाश कुमार ने सोमवार शाम विधिवत कार्यभार संभालते ही सख्त तेवर दिखाए और साफ संदेश दिया कि विभाग में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।

शासन के तबादला आदेश के तहत चंदौली में तैनात डीपीआरओ नीरज सिन्हा का स्थानांतरण अयोध्या कर दिया गया है, जबकि अयोध्या में कार्यरत अविनाश Kumar को चंदौली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 31 मई को पंचायती राज विभाग में हुए 12 जिला पंचायत राज अधिकारियों के तबादलों के क्रम में यह बदलाव हुआ।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में डीपीआरओ अविनाश कुमार ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने पहले ही दिन अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध कार्यशैली अपनाने तथा जिम्मेदारी के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए।

उन्होंने साफ कहा कि ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा। सफाईकर्मी नियमित रूप से गांवों में सफाई कार्य करें और अधिकारी-कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचकर कार्यों का निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उदासीनता और लापरवाही पर कार्रवाई तय होगी।
नवागत डीपीआरओ ने जुलाई माह में जिलेभर की ग्राम पंचायतों में वृहद संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाने की घोषणा भी की। इसके लिए जल्द बैठक कर विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी।




