प्रोत्साहन से बढ़ा शिक्षकों का मनोबल, डोर टू डोर गणना में चकिया तहसील का शानदार प्रदर्शन…….जहां नोटिस, वहां सुस्ती… जहां सम्मान, वहां सफलता; गणना में चमकी चकिया तहसील, SDM और तहसीलदार ने 300 शिक्षकों को बांटा प्रशस्ति पत्र…
चकिया, चंदौली। शासन की ओर से 22 मई से शुरू कराए गए डोर टू डोर गणना अभियान में चकिया तहसील ने जनपद में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। जहां कई तहसीलों में धीमी प्रगति पर कार्मिकों और शिक्षकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, वहीं चकिया तहसील प्रशासन ने अलग पहल करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया है।
तहसील क्षेत्र के चकिया और शहाबगंज ब्लॉक से कुल 588 शिक्षक और लेखपाल गणना कार्य में लगाए गए हैं। उपजिलाधिकारी पवन कुमार यादव और तहसीलदार देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में चकिया तहसील लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। एक सप्ताह के भीतर तहसील ने 50 प्रतिशत से अधिक प्रगति दर्ज करते हुए जनपद में अग्रणी स्थान हासिल किया है। 779 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) में से 409 पूर्ण कर चकिया तहसील 52.5 प्रतिशत प्रगति तक पहुंच गई है।
सोमवार को तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शहाबगंज ब्लॉक के 213 तथा चकिया ब्लॉक के 87 शिक्षकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह लगातार तीसरी बार है जब तहसील प्रशासन ने नोटिस की बजाय सम्मान देकर शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया है।
डोर टू डोर गणना प्रगति : एक नजर
तहसील कुल HLB पूर्ण प्रगति प्रतिशत
नौगढ़ 210 131 62.38%
चकिया 779 409 52.5%
चंदौली 813 122 15.01%
सकलडीहा 1254 81 6.46%
पीडीडीयू नगर 781 37 4.74%
तहसील प्रशासन की इस सकारात्मक पहल का असर भी साफ दिखाई दे रहा है। शिक्षक पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ गणना कार्य में जुटे हैं, जिससे चकिया तहसील का नाम पूरे जनपद में रोशन हो रहा है। विशेष रूप से शहाबगंज खंड शिक्षा कार्यालय से जुड़े शिक्षकों का प्रदर्शन काफी सराहनीय माना जा रहा है।










