एसपी की बड़ी कार्रवाई, निरीक्षक विमलेश मौर्य निलंबित
विवेचना में लापरवाही और आदेशों की अवहेलना का आरोप, विभागीय जांच शुरू
चन्दौली, राष्ट्रीय सहारा शैली। जनपद में पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विवेचना सेल में तैनात निरीक्षक नागरिक पुलिस विमलेश कुमार मौर्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
उन पर विवेचना में गंभीर अनियमितता, उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना तथा कर्तव्य पालन में घोर लापरवाही बरतने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली चन्दौली में पंजीकृत मु०अ०सं०-280/2024, धारा 103(1) बीएनएस की विवेचना निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य के पास थी। आरोप है कि उन्होंने नामजद अभियुक्तों को नियमानुसार नोटिस जारी किए बिना विवेचना को लंबे समय तक लंबित रखा और मामले के निस्तारण में अनावश्यक विलंब किया।
बताया गया कि इस महत्वपूर्ण विवेचना को शीघ्र निस्तारित करने के लिए उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, लेकिन संबंधित निरीक्षक ने उन आदेशों का पालन नहीं किया। साथ ही विवेचनात्मक नियमों के उल्लंघन के आरोप भी सामने आए। मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक सदर द्वारा कराई गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की (दण्ड एवं अपील) नियमावली-1991 के नियम 17(1)(क) के तहत निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी संचालित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता की शिकायतों पर समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई न करना तथा अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।