लखनऊ/चकिया। चकिया विधानसभा क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर चकिया के पूर्व विधायक एवं पावर ग्रिड ऑफ इंडिया के स्वतंत्र निदेशक ने रविवार को राजधानी लखनऊ पहुंचकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। शिष्टाचार भेंट के दौरान क्षेत्र में व्याप्त बिजली संकट, आंधी-तूफान से हुए भारी नुकसान तथा जनसरोकार से जुड़े अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि चकिया विधानसभा क्षेत्र में लगातार बिजली आपूर्ति की अनियमितता से आमजन परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच हो रही कटौती से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही हालिया आंधी-तूफान से किसानों की फसलों, मकानों और संपत्तियों को हुए नुकसान का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया।
उन्होंने प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत, क्षतिपूर्ति और बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने तथा जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से इस मुलाकात को चकिया विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को सीधे शासन स्तर तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। क्षेत्रीय लोगों में भी इसको लेकर सकारात्मक चर्चा बनी हुई है कि उनकी समस्याएं अब सरकार के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच चुकी हैं।