24 मई से सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, CPL 2026 का होगा भव्य आगाज़…….CPL 2026 में भिड़ेंगी पुलिस, पत्रकार, वकील और व्यापारी टीम…..रोमांचक मैत्री मुकाबले खेले जाएंगे
चकिया। क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। चकिया प्रीमियर लीग (CPL) 2026 के दूसरे संस्करण का भव्य शुभारंभ 24 मई को कालिका धाम कॉलोनी स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। युवाओं में क्रिकेट का जुनून चरम पर है और मैदान को आकर्षक रूप देने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
उद्घाटन समारोह के मौके पर दो रोमांचक मैत्री मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच कोतवाली चकिया की टीम और पत्रकार संघ चकिया के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला बार एसोसिएशन चकिया और उद्योग व्यापार मंडल चकिया के बीच खेला जाएगा। इन मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों के साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह है।
आयोजन समिति सहदुल्लापुर के अध्यक्ष अभिषेक यादव और कार्यक्रम संयोजक राजू चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता के आधिकारिक लीग मुकाबले 25 मई से शुरू होंगे। सभी मैच प्रतिदिन शाम छह बजे से फ्लड लाइट की रोशनी में खेले जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार प्रतियोगिता को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट में क्षेत्र की कई मजबूत टीमें हिस्सा लेंगी। खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के साथ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का उद्देश्य रखा गया है। प्रतियोगिता के दौरान लाइव कमेंट्री, शानदार लाइटिंग और रोमांचक मुकाबले दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।