Monday, August 3, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चंदौली की यह 2 महिला प्रधान बढ़ाएगी दिल्ली में जनपद का मान………राष्ट्रीय सम्मेलन में सम्मानित होंगी चकिया की दो महिला प्रधान…….नई दिल्ली में मिलेगा सम्मान, गांवों में खुशी की लहर

चकिया/चंदौली। चकिया विकास खंड की दो महिला ग्राम प्रधानों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। पंचायतीराज मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय महिला पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन में ग्राम पंचायत सिकंदरपुर की प्रधान सीमा गुप्ता और ग्राम पंचायत उतरौत की प्रधान कंचन मौर्या (कंचन देवी) को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। दोनों प्रधानों के चयन से चकिया क्षेत्र में खुशी की लहर है। गांवों में बधाइयों का तांता लगा हुआ है और इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।

पंचायतीराज विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा जारी जानकारी के अनुसार देशभर से पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली 135 महिला जनप्रतिनिधियों को इस सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के नेतृत्व को बढ़ावा देना और पंचायतों में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

 सम्मेलन में वूमेन एक्सीलेंस अवॉर्ड, दीनदयाल पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार और महिला हितैषी ग्राम पंचायत जैसी विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा।

चकिया विकास खंड के सिंकदरपुर की ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान पूरे सिकंदरपुर गांव के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पंचायत में विकास कार्यों और महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए आगे भी पूरी निष्ठा से काम किया जाएगा।

वहीं उतरौत गांव की ग्राम प्रधान कंचन मौर्या ने कहा कि पंचायत स्तर पर महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिलने से गांवों के विकास को नई दिशा मिल रही है। यह सम्मान उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार दोनों ग्राम प्रधानों को सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर जनपद की महिला प्रतिनिधियों का सम्मानित होना जिले के लिए गौरव की बात है और इससे अन्य पंचायत प्रतिनिधियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आई महिला पंचायत प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगी और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा भी करेंगी। दोनों महिला प्रधानों के चयन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *