जब शिक्षकों की समस्याओं को लेकर बीएसए से मिला प्रतिनिधिमंडल…..शीत अवकाश में कार्यरत शिक्षकों को प्रतिकर अवकाश देने व समायोजन प्रक्रिया में हुई त्रुटियों को दूर करने का किया मांग
चंदौली । उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ चकिया इकाई के बैनर तले सोमवार को शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष अजय गुप्ता के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार से मिला और समस्याओं के निस्तारण को लेकर पत्रक सौंपा।
पत्रक में समायोजन प्रक्रिया में हुई त्रुटियों को दूर करने, वरिष्ठता सूची के निर्धारण में पूर्ववर्ती नियमों के अनुसार नियुक्ति के समय के चयन गुणांक को आधार बनाए जाने, एक दिन के अदेय वेतन की समस्या के समाधान, शीत अवकाश में कार्यरत शिक्षकों को प्रतिकर अवकाश देने तथा सभी ब्लॉकों के चयन वेतनमान से संबंधित लंबित पत्रावलियों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई गई।
इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी सभी समस्याओं का निस्तारण अति शीघ्र किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रवीण कुशवाहा, आलोक कश्यप, अनिल यादव, प्रभुपाल मौर्य, प्रदीप जैसल, अश्विनी मौर्य, सुरेश यादव सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।









