Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

भूमाफियाओं पर जीरो टॉलरेंस, मेजर की बीमार बेटी को 24 घंटे में मिला अपने मकान पर कब्जा……लखनऊ में करोड़ों की संपत्ति हड़पने का आरोपी चंदौली का बलराम यादव निकला, पुलिस ने साथी समेत किया गिरफ्तार,,CM योगी से मिले

लखनऊ/ चंदौली। पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क 

दबंगों की प्रताड़ना की शिकार सेना के मेजर की बेटी अंजना के लिए नए साल का पहला दिन बड़ी राहत और खुशियां लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश पर महज 24 घंटे के भीतर पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अंजना को उसका करोड़ों रुपये का मकान वापस दिला दिया, जबकि फर्जी दस्तावेजों के जरिए कब्जा करने वाले चंदौली निवासी बलराम यादव और उसके साथी मनोज कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।

पिता और भाई-बहन को खोने के बाद मानसिक बीमारी सीजोफ्रेनिया से जूझ रहीं अंजना पिछले कई वर्षों से रिहैब सेंटर में रह रही थीं। इसी का फायदा उठाकर चंदौली के बलराम यादव ने अपने साथी के साथ मिलकर इंदिरानगर स्थित मकान पर कब्जा कर लिया था। बुधवार को अंजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलीं और अपनी पीड़ा बताई। मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए 24 घंटे में न्याय का भरोसा दिया, जो गुरुवार दोपहर से पहले पूरा भी हो गया।

सेना में मेजर थे अंजना के पिता

अंजना के पिता स्व. बिपिन चंद्र भट्ट भारतीय सेना में मेजर थे। उनका इंदिरानगर में मकान संख्या ए-418 है। वर्ष 1994 में उनके निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे और एक बेटी की भी मृत्यु हो चुकी है। अंजना अकेली बचीं, जो बीमारी के चलते वर्ष 2016 से निर्वाण रिहैब सेंटर में इलाजरत हैं। इसी दौरान बलराम यादव और मनोज कुमार यादव ने फर्जी कागजात के सहारे मकान अपने नाम कराने की साजिश रची और वहां अपना बोर्ड तक लगा दिया।

 

मुख्यमंत्री से मिलते ही बदली तस्वीर

31 दिसंबर की शाम मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अंजना ने बताया कि चंदौली निवासी बलराम यादव ने फर्जी दस्तावेज लगाकर उनके मकान पर कब्जा कर लिया है। पहले थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन कार्रवाई में देरी होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन और पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और 24 घंटे के भीतर मकान खाली कराकर अंजना को सौंप दिया गया।

घर में प्रवेश करते ही छलक पड़े आंसू

गुरुवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अंजना जैसे ही अपने घर में दाखिल हुईं, उनकी आंखों से आंसू बह निकले। उन्होंने हर कमरे को देखा, दीवारों को चूमा, नारियल फोड़ा और दीप प्रज्ज्वलित किया। भावुक अंजना के मुंह से बस यही निकला—

“थैंक्यू योगी अंकल! गॉड ब्लेस यू।”

24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

एसीपी गाजीपुर अनिंद्य विक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले में चंदौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी बलवंत कुमार यादव उर्फ बब्लू तथा कोतवाली चंदौली के दाउदपुर निवासी मनोज कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति हड़पने के आरोप में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह प्रकरण एक बार फिर साबित करता है कि योगी सरकार में भूमाफियाओं के लिए कोई जगह नहीं है, चाहे वे किसी भी जिले के क्यों न हों।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *