Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया- महुआ बाबा आश्रम में मानवता की मिसाल, कड़ाके की ठंड में 200 वनवासी परिवारों को मिली राहत…..विधायक व भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य ने बांटे कंबल, सेवा और संवेदना का दिखा संगम

चकिया, चंदौली।

जमसोती स्थित महुआ बाबा आश्रम परिसर में कड़ाके की ठंड के बीच वनवासी समाज के लिए सेवा और संवेदना का अनुकरणीय दृश्य देखने को मिला। आश्रम परिसर में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान विधायक कैलाश आचार्य एवं भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से करीब 200 वनवासी परिवारों को कंबल वितरित कर उन्हें ठंड से राहत पहुंचाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महुआ बाबा आश्रम के महंत गोविंद बाबा ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची साधना है। समाज के गरीब, असहाय और वनवासी वर्ग के लिए इस तरह के आयोजन मानवता और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि आश्रम सदैव वंचित वर्ग के साथ खड़ा रहा है और आगे भी सेवा कार्य निरंतर चलते रहेंगे।

इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि प्रदेश सरकार और संगठन का स्पष्ट संकल्प है कि समाज का कोई भी व्यक्ति ठंड, भूख या अभाव के कारण पीड़ित न रहे। वनवासी समाज हमारी सांस्कृतिक धरोहर है और उनकी सेवा करना केवल दायित्व नहीं बल्कि कर्तव्य है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुरेंद्र सिंह ने कहा कि भीषण ठंड में जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना हमारी पहली जिम्मेदारी है। ऐसे सेवा कार्यों से समाज में आपसी सहयोग और विश्वास की भावना मजबूत होती है। आने वाले समय में भी इस प्रकार के जनसेवी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में चकिया नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता उर्फ आशु, पूर्व मंडल अध्यक्ष राधवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ संतोष, सभासद बादल सोनकर, उमेश चौहान, राहुल सोनकर, आत्मन सिंह, राजन सिंह, बादल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में वनवासी समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महुआ बाबा आश्रम परिसर सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता के भाव से सराबोर नजर आया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *