Tuesday, July 14, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चंदौली – सीएम पोर्टल की शिकायत का असर, कोटेदार पर बड़ी कार्रवाई..…..100 कुंतल खाद्यान्न की कालाबाजारी का खुलासा, एफआईआर दर्ज कर अनुबंध निलंबित…. सप्लाई इंस्पेक्टर ने बताया पुनः 18 दिसम्बर को खोला गया तब पाया गया कि गायब है

धानापुर (चंदौली)।

विकासखंड धानापुर अंतर्गत ग्राम सभा आवही में सरकारी खाद्यान्न वितरण में लंबे समय से चली आ रही अनियमितताओं का आखिरकार भंडाफोड़ हो गया। बीते चार माह से माननीय मुख्यमंत्री पोर्टल पर लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों के क्रम में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उचित दर विक्रेता राम अवतार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर दुकान का अनुबंध निलंबित कर दिया है।

16 दिसंबर को पूर्ति निरीक्षक ममता सिंह ने आपूर्ति सहायक नितिन कुशवाहा के साथ जब निरीक्षण किया तो वितरण के निर्धारित समय पर उचित दर दुकान बंद मिली। मौके पर विक्रेता से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। दूरभाष पर उनके पुत्र श्रवण कुमार ने बताया कि विक्रेता एक सप्ताह से अपनी बुआ के इलाज में व्यस्त हैं, जबकि विभाग को अवकाश संबंधी कोई लिखित सूचना नहीं दी गई थी। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए दुकान को तत्काल सील कर दिया गया।

उप जिलाधिकारी के निर्देश पर 18 दिसंबर 2025 को नायब तहसीलदार की उपस्थिति में सील खोलकर पुनः निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दुकान में 40 कुंतल गेहूं और 60 कुंतल चावल कम पाया गया, जिससे 100 कुंतल खाद्यान्न की कालाबाजारी की पुष्टि हुई।

जांच के बाद ग्राम सभा के कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए। कार्डधारकों ने बताया कि कोटेदार एक माह राशन देता था और अगले दो माह राशन नहीं देता, जबकि हर माह मशीन पर अंगूठा लगवा लिया जाता था। इससे सरकारी योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पा रहा था।

मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी से अनुमोदन प्राप्त कर धीना थाना में कोटेदार के विरुद्ध कालाबाजारी एवं अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन में मुकदमा दर्ज कराया गया। साथ ही उचित दर दुकान का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गड़बड़ी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *