चकिया – इस बड़े गांव में कविता का महाकुंभ: ठहाकों और तालियों से गूंज उठा व्यापारी सम्मान समारोह,, चेयरमैन व प्रधान सीमा ने किया शुभारंभ……जब व्यापार और साहित्य मिले एक मंच पर: शब्दों का उत्सव: कवि सम्मेलन ने रच दिया साहित्यिक इतिहास
शब्दों की सुगंध, हास्य की फुहार और भावनाओं की तरंगों के बीच सिकंदरपुर की रविवार की शाम साहित्य और सम्मान के रंग में रंगी नजर आई। सिकंदरपुर उद्योग व्यापार मंडल द्वारा आयोजित व्यापारी सम्मान समारोह एवं हास्य कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी सशक्त रचनाओं से ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर रात तक काव्य रस में डूबे रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राम जानकी मंदिर के महंत हरिनाम बाबा, कैलाश कुटिया के महंत झागुर जी महाराज, चकिया नगर अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव एवं ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम को गरिमामयी शुरुआत दी। इसके पश्चात सरस्वती वंदना से काव्य संध्या का मंगलारंभ हुआ।
कवि सम्मेलन में बंधु पाल नरसिंह साहसी, मनोज द्विवेदी ‘मधुर’, विभा सिंह, राजेश विश्वकर्मा, हरवंश सिंह बवाल, कवि काका सहित अन्य कवियों ने हास्य, व्यंग्य, गीत और ग़ज़लों के माध्यम से मंच को जीवंत कर दिया। कभी ठहाकों की गूंज सुनाई दी तो कभी भावनाओं की गहराई ने श्रोताओं को आत्ममंथन के लिए विवश कर दिया। कवियों की पंक्तियों पर बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही।
इस अवसर पर व्यापारी सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज और व्यापार जगत में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। चकिया कोतवाल अर्जुन सिंह, नगर अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, भाजपा पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार मौर्य, शुभम मोदनवाल, अनुराग जायसवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील मद्धेशिया सहित पत्रकारों में शीतला प्रसाद राय, अशोक कुमार द्विवेदी, प्रशांत गुप्ता, विजय कुमार विश्वकर्मा, इरफान अंसारी एवं धर्मेंद्र कुमार जायसवाल को अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त व्यापार मंडल के जिला मंत्री संतोष जायसवाल, सिकंदरपुर व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष शीतला प्रसाद केशरी सहित अनेक पदाधिकारियों व गणमान्य व्यापारियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्यप्रकाश गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष विमलेश विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष पंकज मोदनवाल, महामंत्री विपिन केशरी, सूचना मंत्री साबिर बिंदास, संगठन मंत्री अंशु जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, साहित्यप्रेमी एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन राजेश विश्वकर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शीतला प्रसाद केशरी ने प्रस्तुत किया।