चकिया (चंदौली)। चकिया विकास खंड के विजयपुरवा गांव में शनिवार को क्षेत्र पंचायत निधि से बने यात्री शेड एवं सीसी फर्श का लोकार्पण विधायक कैलाश आचार्य एवं ब्लाक प्रमुख शंभूनाथ सिंह यादव ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का पट हटाकर किया। करीब 8 लाख की लागत से यह निर्माण कार्य कराया गया है।
लोकार्पण समारोह में विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि सरकार की मंशा गांव-गांव में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की है। आमजन की सुविधा के लिए इस यात्री शेड और सीसी फर्श का निर्माण कराया गया है। इससे ग्रामीणों और यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि चकिया क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
ब्लाक प्रमुख शंभूनाथ सिंह यादव ने कहा कि पंचायत निधि का उपयोग पारदर्शी तरीके से जनहित में किया जा रहा है। विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। जनता की जरूरत के अनुसार कार्यों को प्राथमिकता दी जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, श्यामजी सिंह, कुंवर जीत सिंह, संदीप मौर्या, आशीष पाठक, शीतल पटवा, उपेंद्र सिंह, सलाम खान, इम्तिहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य रुकसाना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।